इटावाक्राइमयूपी

जसवंतनगर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, मां-बेटा घायल, महिला सैफई रेफर

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संवाददाता : मनोज कुमार

जसवंतनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र के छिमारा रोड स्थित शिवम फिलिंग स्टेशन के पास गुरुवार देर रात करीब 10 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल सैफ अली पुत्र फालूदीन खां अपनी मां जमीला बेगम के साथ जनपद मैनपुरी के थाना बरनाहल क्षेत्र के सनुपुरा गांव से जसवंतनगर क्षेत्र के मलाजनी गांव स्थित अपने बड़े बेटे की ससुराल जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक छिमारा रोड पर स्थित शिवम फिलिंग स्टेशन के निकट पहुंची, सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से आमने-सामने टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी जसवंतनगर पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन जमीला बेगम की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (सैफई मेडिकल कॉलेज) रेफर कर दिया गया। सैफ अली का भी उपचार किया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दूसरी मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही दूसरे बाइक चालक की जानकारी भी जुटा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि छिमारा रोड पर रात के समय तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!