Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़
इटावाटेक्नोलॉजीदेशयूपीशिक्षा

सीएसजेएमयू-आईबीएम बीओबी हैक्स-2026 कृत्रिम बुद्धिमत्ता नवाचार प्रतियोगिता को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित

चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी बना नोडल सेंटर

जसवंतनगर/इटावा। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर एवं आईबीएम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रही “सीएसजेएमयू-आईबीएम बीओबी हैक्स-2026 कृत्रिम बुद्धिमत्ता नवाचार प्रतियोगिता” को लेकर चौधरी सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी (स्वायत्त महाविद्यालय), जसवंतनगर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतियोगिता की रूपरेखा, पात्रता, चयन प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रेस वार्ता में सीडीसी, कानपुर विश्वविद्यालय के प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी एवं अलोक कुमार, निदेशक, इंजीनियरिंग महाविद्यालय, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने बताया कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार, रचनात्मकता, समस्या समाधान और उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मंच विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने का अवसर प्रदान करेगा।

वक्ताओं ने बताया कि प्रतियोगिता में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों के नियमित छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता दो से चार सदस्यों की टीम के रूप में होगी तथा पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

बताया गया कि प्रारंभिक (जोनल) चरण 25 से 31 जुलाई 2026 के बीच आयोजित होगा। इटावा का नोडल केंद्र चौधरी सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी (स्वायत्त महाविद्यालय), जसवंतनगर बनाया गया है। वहीं अंतिम चरण 12 एवं 13 अगस्त 2026 को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर परिसर में आयोजित होगा, जिसमें कुल एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि प्रतिभागियों को आईबीएम द्वारा निःशुल्क मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री, सहभागिता प्रमाणपत्र, स्मृति उपहार तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही अंतिम चरण में महिला टीमों के लिए विशेष स्थान भी आरक्षित रहेंगे।

इस अवसर पर पूर्व क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. रिपुदमन सिंह, प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह (के.के. पी.जी. कॉलेज, इटावा), पूर्व विभागाध्यक्ष (समाजशास्त्र) प्रो. उदयवीर सिंह (के.के. पी.जी. कॉलेज, इटावा), चौधरी सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जसवंतनगर, इटावा के चेयरमैन प्रो. बृजेश चंद्र यादव, प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव, निदेशक डॉ. संदीप पाण्डेय तथा चौधरी सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र यादव ने भी विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रेस वार्ता में अशांक हनी यादव समेत शिक्षण संस्थानों के अनेक शिक्षक, शिक्षाविद एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने विद्यार्थियों से समय रहते पंजीकरण कर इस कृत्रिम बुद्धिमत्ता नवाचार प्रतियोगिता का लाभ उठाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!