
बसरेहर । इटावा सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बसरेहर ब्लॉक के ग्राम मोहब्बतपुर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर अपनी समस्याएं अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं। नागरिकों को सीधे संबंधित विभागों के अधिकारियों से संवाद करने का अवसर मिला, जिससे जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ। ग्रामीणों ने पेयजल, सफाई, सड़क, आवास, पेंशन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जन चौपाल में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रात्रि ग्राम चौपाल में उपस्थित जन समूह
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
वक्ताओं ने कहा कि रात्रि जन चौपाल जैसी पहलें शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करती हैं तथा आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी मंच प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ जन अपेक्षाओं को समझने का अवसर भी मिलता है।
ग्रामीणों ने जन चौपाल के आयोजन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और गांव में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।




