वीरगाथा एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह आयोजित, शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

संवाददाता : देवेंद्र सिंह
इटावा। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के तत्वावधान में वीरगाथा एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया तथा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
समारोह में आठ पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले पूर्व सैनिकों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न पूर्व सैनिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ लगभग 150 पूर्व सैनिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रोहित भटारा (अप्रा.) ने कहा कि सैनिक का जीवन देश की सुरक्षा एवं सेवा के लिए समर्पित होता है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के हित में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभाग निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के त्याग और समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत करते हैं। सैनिकों का योगदान राष्ट्र की सुरक्षा के साथ-साथ देश के सुरक्षित भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण है।

समारोह के दौरान शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण किया गया तथा पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं अधिकारियों ने राष्ट्र की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया।
कार्यक्रम में कर्नल प्रताप सिंह भदौरिया, फ्लाइंग ऑफिसर पुरुषोत्तम सिंह यादव, कैप्टन मृगेंद्र सिंह, कैप्टन अरुण कुमार, सूबेदार मेजर कृपाल सिंह, कैप्टन कमल सिंह सहित सैन्य कल्याण बोर्ड के प्रतिनिधि, विभिन्न पूर्व सैनिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक कुंवर सिंह ने किया।
समारोह के माध्यम से पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ ही राष्ट्र की सुरक्षा में सैनिकों एवं शहीदों के योगदान को स्मरण किया गया।




