Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़
E-Paperइटावायूपीलोकल न्यूज़

बसरेहर के चकवा बुजुर्ग सडक हादसे में 11वें दिन तीसरी मौत, एक ही परिवार में तीन मौतों से गांव में मातम

डंपर-लोडर की भीषण टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार, इलाज के दौरान अमित कुमार ने भी तोड़ा दम

हिन्द संवाद न्यूज़ | बसरेहर/इटावा।

बसरेहर थाना क्षेत्र के चकवा बुजुर्ग (चमनपुरा) मोड़ पर तीन जुलाई को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक और जिंदगी निगल ली। हादसे में गंभीर रूप से घायल अमित कुमार शाक्य (32 वर्ष) पुत्र कमलेश बाबू, निवासी अकबरपुर, थाना चौबिया ने रविवार को दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ देने वाली त्रासदी बन गया है। पहले हादसे वाले दिन राजेश बाबू (48 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उपचार के दौरान श्रीमती श्रीदेवी (62 वर्ष) ने सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में अंतिम सांस ली। अब 11वें दिन अमित कुमार की मौत ने परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।

अमित का पहले सैफई और बाद में ग्वालियर में इलाज चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें घर ले आए थे, लेकिन रविवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अमित खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी हेमलता, आठ वर्षीय पुत्र विवेक कुमार और छह वर्षीय पुत्री श्रृष्टि को छोड़ गया है। वहीं उसकी मां सियावती देवी अभी भी गंभीर हालत में फतेहगढ़ में उपचाराधीन हैं।

मृतक के चाचा एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र कुमार शाक्य ने बताया कि लगातार तीन मौतों ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। घर का हर कोना मातम में डूबा है और गांव अकबरपुर में शोक की लहर है। जिसने भी इस हादसे के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि सड़क पर एक पल की चूक कई परिवारों की पूरी जिंदगी बदल सकती है।

हिन्द संवाद न्यूज़ दिवंगत राजेश बाबू, श्रीमती श्रीदेवी एवं अमित कुमार शाक्य को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!