जसवंतनगर में डीएम का औचक निरीक्षण, तीन बीएलओ मिले अनुपस्थित; कार्रवाई के निर्देश
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, कहा- पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए

संवाददाता : मनोज कुमार
इटावा। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को उन्होंने जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण कर अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान तीन बीएलओ अपने निर्धारित बूथों से अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तीनों बीएलओ के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम एवं पते में संशोधन करने तथा दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है।
इसी क्रम में 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत बीएलओ एवं पदाभिहित अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से आवेदन और दावे-आपत्तियां प्राप्त कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज स्थित मतदेय स्थल संख्या 75, 76 और 77 का जायजा लिया। इसके बाद कंपोजिट विद्यालय के बूथ संख्या 78 से 86 तथा हिंदू इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 87 से 90 तक पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
हिंदू इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 87 पर बीएलओ अंसार हुसैन वारिश, बूथ संख्या 88 पर बीएलओ प्रीति शुक्ला और बूथ संख्या 89 पर बीएलओ अभिषेक कुमार अनुपस्थित पाए गए। निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तीनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान में सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के फार्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण के बाद पुनरीक्षण अभियान में लगे कर्मचारियों में हलचल देखने को मिली।




