
संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर। सावन के तीसरे सोमवार को जसवंतनगर के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्राचीन रामेश्वरम शिव मंदिर, खटखटा बाबा महादेव मंदिर और अहीरटोला शाला समेत नगर के विभिन्न शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन किया। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे।
भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। कई मंदिरों में भगवान शिव का फूलों और फलों से भव्य श्रृंगार किया गया। जगह-जगह सामूहिक रुद्राभिषेक के आयोजन हुए तथा मंदिर परिसरों में दिनभर शिव भजन-कीर्तन चलता रहा।
*51 और 21 किलो से अधिक की कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालु*
सावन के तीसरे सोमवार पर सिंगीरामपुर से श्रद्धालु प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे। श्रद्धालु 51 किलो और 21 किलो से अधिक वजन की कांवड़ लेकर बम-बम भोले के जयघोष करते हुए मंदिर पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कांवड़ियों के पहुंचने से मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बन गया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए। मंदिरों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया तथा भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।

*एक माह से चल रहा अखंड रामायण पाठ*
प्राचीन शिव मंदिर परिसर में 29 जुलाई से एक माह तक चलने वाला अखंड रामायण पाठ भी निरंतर जारी है। चौबीसों घंटे चल रहे इस पाठ में श्रद्धालु बारी-बारी से शामिल होकर रामायण का पाठ कर रहे हैं। प्रतिदिन मंदिर में भक्तों का आना-जाना बना हुआ है। सावन के सोमवार के अवसर पर मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने अखंड रामायण पाठ में भी सहभागिता की और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
सावन के तीसरे सोमवार को पूरे जसवंतनगर में सुबह से देर शाम तक धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल बना रहा।




