
बसरेहर/इटावा। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत बसरेहर ब्लॉक सभागार में आयोजित शिविर का रविवार को जिलाधिकारी इटावा शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लेते हुए उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाओं के वितरण तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई। इसके साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं के टीकाकरण के प्रति पशुपालकों को जागरूक किया गया। किसानों को फार्मर रजिस्ट्रेशन सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
जिलाधिकारी ने शिविर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने तथा लोगों को आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में चिकित्साधीक्षक डॉ. विकास सचान, डॉ. ललित, एलटी ब्रह्मा कुमार, ऑप्टोमेट्रिस्ट विजय, आयुष्मान मित्र सुमित कुमार, एएनएम पुष्पा देवी एवं फार्मासिस्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटे रहे।
जिलाधिकारी ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।



