पेट्रोल पंप की बैटरी चोरी के मामले में मालिक से मारपीट, गंभीर रूप से घायल
गार्ड पर साथियों को बुलाकर मारपीट करने का आरोप, पीड़ित ने चौबिया थाना प्रभारी को दिया प्रार्थना पत्र

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। चौबिया थाना क्षेत्र के ग्राम बीना के पास स्थित एक बायो पेट्रोल पंप पर बैटरी चोरी के मामले में पूछताछ करना पंप मालिक को भारी पड़ गया। आरोप है कि गार्ड ने अपने साथियों को बुलाकर पंप मालिक के साथ जमकर मारपीट कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार पुत्र रमेश चंद्र निवासी ग्राम शेखूपुर, थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद, सोमवार शाम चौबिया थाना क्षेत्र के ग्राम नगला निहाली में एक निमंत्रण में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम से लौटने के बाद वह असित इंटर कॉलेज के पास स्थित अपने बायो पेट्रोल पंप पर पहुंचे। बताया गया कि पेट्रोल पंप काफी समय से बंद पड़ा था, लेकिन वहां सीसीटीवी कैमरे और इन्वर्टर बैटरी लगी हुई थीं।
पंप पर पहुंचने पर जब अंकित कुमार ने गार्ड से लाइट न जलने का कारण पूछा और बैटरी चोरी के संबंध में जानकारी करनी चाही, तो आरोप है कि गार्ड आगबबूला हो गया। उसने फोन कर अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर अंकित कुमार के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पीड़ित अंकित कुमार ने चौबिया थाना प्रभारी महेंद्र सिंह को लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


