सेंगर नदी में डूबने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
बचाने के लिए ग्रामीणों ने नदी में लगाई छलांग, काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला शव

संवाददाता : विशाल बाबू
बसरेहर । बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम नवाबपुर में बुधवार को खेतों पर काम करने जा रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग की सेंगर नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बुजुर्ग को बचाने के लिए तत्काल नदी में छलांग लगाकर तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान सूबेदार सिंह जाटव (75), पुत्र मथुरा प्रसाद, निवासी ग्राम नवाबपुर, थाना बसरेहर, जनपद इटावा के रूप में हुई है। बताया गया कि सूबेदार सिंह खेतों पर काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सेंगर नदी पार करते समय वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
बुजुर्ग के नदी में डूबने की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। कई ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उन्हें नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही थाना बसरेहर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी के नेतृत्व में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूबेदार सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के दो पुत्र मनोज कुमार और शिशुपाल सिंह हैं। वहीं घटना के बाद पूरे नवाबपुर गांव में शोक का माहौल है।



