इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी का जिलाधिकारी और एसएसपी ने फीता काटकर किया भव्य शुभारंभ
रंग-बिरंगी रोशनी और डिजिटल आतिशबाजी से जगमगाया महोत्सव परिसर, उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे जनपद के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
इटावा। जनपद के ऐतिहासिक इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी का रविवार को भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश श्रीवास्तव ने फीता काटकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान महोत्सव परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
उद्घाटन से पूर्व विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने फीता काटकर महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर एवं प्रदर्शनी इटावा के जनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार पाठक (पीसीएस), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मनोज प्रकाश (पीसीएस), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बिपिन कुमार (पीसीएस) सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही पूरा परिसर रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठा। उद्घाटन समारोह में डिजिटल आतिशबाजी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। डिजिटल माध्यम से आसमान में दिखाई गई रंगों और रोशनी की मनमोहक छटा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गौरतलब है कि इटावा महोत्सव जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव में जनपद के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनोरंजन के साधनों, दुकानों और आकर्षक प्रदर्शनियों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन एवं खरीदारी का अवसर मिलेगा।
भव्य शुभारंभ के साथ ही ऐतिहासिक इटावा महोत्सव की रौनक शुरू हो गई। पहले दिन से ही परिसर में दिखाई दिए उत्साह और उमंग ने आगामी आयोजनों को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है।




