बरेली हाईवे बाईपास पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार घायल
दुर्घटनाओं का केंद्र बना बसरेहर बाईपास

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर। थाना बसरेहर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले बरेली हाईवे के अकबरपुर बाईपास चौराहे के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, राम बिहारी पुत्र रामस्वरूप निवासी चकबा बुजुर्ग, थाना बसरेहर अपनी पत्नी रूपा देवी को बाइक पर बैठाकर किसी कार्य से बसरेहर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे अकबरपुर बाईपास चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर मुन्ना लाल पुत्र रामकेश तथा सागर पुत्र विमलेश, निवासी दिबियापुर, जनपद औरैया, सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसरेहर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल इटावा रेफर कर दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।




