Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़
E-Paperइटावाक्राइमयूपीलोकल न्यूज़

बसरेहर के सिरसा गांव में विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी

हिन्द संवाद न्यूज़

बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसा में 25 वर्षीय विवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया। मामले में मायके और ससुराल पक्ष ने एक-दूसरे पर अलग-अलग आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, सिरसा निवासी अलकेश (25) पत्नी संदीप शाक्य ने सोमवार देर शाम घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस एवं फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि अलकेश घरेलू मारपीट और प्रताड़ना से परेशान थी, जिसके चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

वहीं, पति संदीप शाक्य ने इन आरोपों का खंडन करते हुए बताया कि उसकी पत्नी का एक युवक से प्रेम प्रसंग था। उसके अनुसार, 17 मई को अलकेश दो दिन के लिए उस युवक के साथ चली गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो गया था और उसके बाद पति-पत्नी के बीच कोई विवाद नहीं हुआ।

संदीप ने यह भी बताया कि उसने पत्नी को ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण के लिए ₹10,000 दिए थे। उसका कहना है कि अलकेश ने औरैया जनपद के बिधूना स्थित एक ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण के लिए राशि जमा की थी, लेकिन प्रशिक्षण लेने नहीं गई। सोमवार को जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो पार्लर संचालिका ने कथित रूप से पुराने विवाद का जिक्र करते हुए अपमानजनक बातें कहीं। पति का दावा है कि इसी से आहत होकर अलकेश ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

पति ने यह भी कहा कि दो दिन बाद घर लौटने के बाद अलकेश ने एक बार पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय उसे बचा लिया गया था। इसके बावजूद सोमवार को उसने दोबारा फांसी लगा ली।

वहीं, मृतका के भाई अंकित ने घटना पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें रात करीब 7:30 बजे सूचना मिली। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के इटावा पहुंचने से पहले ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!