E-Paperइटावाटॉप न्यूज़यूपी

जसवंतनगर तहसील में नवागत एसडीएम डॉ. गणेश कन्नौजिया ने अधिवक्ताओं संग की परिचयात्मक बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर दिया जोर

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संवाददाता : मनोज कुमार 

जसवंतनगर (इटावा), 20 जुलाई। नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. गणेश कन्नौजिया ने सोमवार को जसवंतनगर तहसील सभागार में अधिवक्ताओं के साथ परिचयात्मक बैठक कर राजस्व एवं न्यायिक मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण को लेकर चर्चा की। बैठक में अधिवक्ताओं के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने प्रशासन और अधिवक्ता समुदाय के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम डॉ. गणेश कन्नौजिया ने कहा कि तहसील में लंबित एवं विचाराधीन राजस्व मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपेक्षा की कि वे न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र न्याय मिल सके।

इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने तहसील से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक एवं न्यायिक समस्याओं और सुझावों को एसडीएम के समक्ष रखा। डॉ. कन्नौजिया ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।

बैठक के दौरान डॉ. गणेश कन्नौजिया ने अपने परिचय में बताया कि प्रशासनिक सेवा में आने से पूर्व वे दंत चिकित्सक (डेंटिस्ट) के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासनिक दायित्वों एवं जिला प्रशासन की अनुमति के अनुरूप अवसर मिला, तो सामाजिक दायित्व के तहत चिकित्सा सेवाएं देने के लिए भी वे सदैव तत्पर रहेंगे।

जानकारी के अनुसार डॉ. गणेश कन्नौजिया का स्थानांतरण प्रयागराज से जसवंतनगर तहसील में हुआ है, जहां उन्होंने हाल ही में उपजिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है।

बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता पी.सी. श्रीवास्तव, रविंद्र बाबू त्रिपाठी (रमन), आदेश सविता ‘संटू’, बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाह, महामंत्री सौरव, सोमेल सक्सेना, कोषाध्यक्ष रवि प्रताप सिंह, रवि दीक्षित सहित तहसील के अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी अधिवक्ताओं ने नवागत एसडीएम का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!