Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़
E-Paperइटावायूपीशिक्षा

एबीवीपी इटावा ने संगोष्ठी, स्वामी विवेकानंद पर निबंध एवं जूडो-कराटे प्रतियोगिता के साथ मनाया स्थापना दिवस

इटावा । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर एबीवीपी इटावा इकाई द्वारा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में संगोष्ठी, निबंध प्रतियोगिता तथा जूडो-कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम द्वारिका प्रसाद शोरावाल इंटर कॉलेज, ब्लू बर्ड इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, उत्तम कोचिंग सेंटर एवं कॉम्बो कराटे अकादमी में उत्साहपूर्वक संपन्न हुए।

कार्यक्रम के अंतर्गत द्वारिका प्रसाद शोरावाल इंटर कॉलेज, ब्लू बर्ड इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज तथा उत्तम कोचिंग सेंटर में “स्वामी विवेकानंद के विचार और युवा” विषय पर संगोष्ठी एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रभावशाली निबंध प्रस्तुत किए तथा उनके विचारों से प्रेरणा लेने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर एबीवीपी के जिला संयोजक संस्कार गुप्ता ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का एक सशक्त आंदोलन है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने सदैव युवाओं की शक्ति पर विश्वास व्यक्त किया और आज के युवाओं का दायित्व है कि वे अपनी ऊर्जा, प्रतिभा एवं ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र के सकारात्मक विकास में करें।

वहीं कॉम्बो कराटे अकादमी में छात्र-छात्राओं के लिए जूडो-कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनमें आत्मविश्वास का विकास करना था। प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट तकनीकी कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।

एबीवीपी की नगर अध्यक्ष श्वेता दुबे ने कहा कि वर्तमान समय में शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। जूडो-कराटे जैसी विधाएं न केवल आत्मरक्षा का प्रभावी माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास एवं एकाग्रता का भी विकास करती हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आत्मरक्षा के कौशल सीखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व नगर उपाध्यक्ष वर्षा गुप्ता, कॉम्बो कराटे क्लासेज के संचालक मो. कफ़ील कुरैशी, संचालिका संध्या सक्सेना, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राहुल राजपूत, नगर सह मंत्री कृष्णा गुप्ता, पीयूष कुमार, हिमांशु सहित एबीवीपी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, छात्र हित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति समर्पित रहने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!