
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर (इटावा)। थाना बसरेहर क्षेत्र के ग्राम मुहब्बतपुर में 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मुहब्बतपुर निवासी टिंकू की पत्नी मीनू देवी 10 अगस्त को घर के कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी। परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। इसी बीच सूचना मिलने पर मीनू के पिता राजवीर सिंह, निवासी नगला गहियार, थाना कोतवाली, जनपद मैनपुरी, मौके पर पहुंचे और बेहतर उपचार के लिए उसे सैफई स्थित पीजीआई ले गए।

सैफई पीजीआई में उपचार के दौरान मीनू की मौत हो गई। मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी पुत्री को अस्पताल में छोड़कर ससुराल पक्ष के लोग चले गए। उन्होंने बताया कि मीनू की शादी 26 अप्रैल 2026 को हुई थी। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री के साथ उत्पीड़न किया गया और फांसी लगाकर उसकी जान ले ली गई।

मीनू की मौत की सूचना मिलने पर बसरेहर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष और ग्रामीणों की सहायता से मृतका का अंतिम संस्कार कराया गया।
इस मामले में मृतका के पिता राजवीर सिंह ने थाना बसरेहर में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। बसरेहर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




