बकेवर पुलिस की मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त सोनू गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

संवाददाता : मनोज कुमार
इटावा । थाना बकेवर पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार, बकेवर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वांछित अभियुक्त के क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पुलिस ने हिरासत में लेकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त टाटा डीसीएम वाहन और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोनू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह थाना बकेवर क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से सरिया चोरी के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी है और उसके विरुद्ध हत्या, गैंगस्टर एक्ट तथा आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अब अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाने के साथ ही पूछताछ के आधार पर चोरी तथा अन्य संभावित आपराधिक घटनाओं में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। बरामद हथियार, कारतूस, वाहन और मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में वांछित एवं सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मुठभेड़ की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




