
इटावा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 4 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में इटावा एवं औरैया जनपद में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लगभग 1050 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के कैडेट्स ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया। योग प्रशिक्षक श्री अखिलेश चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में कैडेट्स ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर अनुशासन, ऊर्जा एवं सकारात्मकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन एवं आत्मिक शांति भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” थीम के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि योग प्रत्येक आयु वर्ग के लिए लाभकारी है तथा दीर्घकालिक स्वास्थ्य एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में योग को अपनाने एवं समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने “करो योग, रहो निरोग” का संदेश देते हुए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं ऊर्जावान जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान की गई।
इसी क्रम में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के योग संगम अभियान-2026 के अंतर्गत एनसीसी अधिकारियों, कैडेट्स एवं पीआई स्टाफ द्वारा पंजीकरण भी किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर बताया गया कि गत वर्ष योग संगम अभियान के माध्यम से विश्वभर में 260 करोड़ से अधिक लोगों ने सहभागिता कर इसे विश्व का सबसे बड़ा योग आयोजन बनाने में योगदान दिया था।
कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले संस्थानों को आयुष मंत्रालय द्वारा ई-प्रमाणपत्र (योग संगम पत्र) प्रदान किए जाने की जानकारी भी दी गई। इसके माध्यम से संस्थानों को समाज में स्वास्थ्य एवं कल्याण के अग्रदूत के रूप में स्थापित होने का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल), एनसीसी अधिकारी, प्रशिक्षण स्टाफ तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग को जन-जन तक पहुंचाना रहा।




