सदर विधायक सरिता भदौरिया की पहल से सुलझा पारिवारिक विवाद, पत्नी को कराया विदा

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
इटावा। सदर विधायक सरिता भदौरिया के आवास पर पहुंचे एक पारिवारिक विवाद में विधायक की सकारात्मक पहल से पति-पत्नी के बीच चल रहा मतभेद समाप्त हो गया। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद विधायक ने उन्हें आपसी संवाद, सम्मान और समझदारी के साथ पारिवारिक जीवन आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
बताया गया कि आपसी मतभेद के चलते पति-पत्नी अलग रहने की स्थिति में पहुंच गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर विधायक सरिता भदौरिया ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और विवाद के कारणों को समझने के बाद आपसी सहमति से समाधान का प्रयास किया।
विधायक ने पति-पत्नी को समझाते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों और आपसी मनमुटाव के कारण परिवार को टूटने से बचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दांपत्य रिश्ते को मजबूत बनाने में आपसी विश्वास, संवाद और सम्मान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
विधायक की समझाइश और सकारात्मक पहल का असर हुआ और पति-पत्नी ने अपने मतभेद समाप्त कर साथ रहने पर सहमति जताई। इसके बाद सदर विधायक ने महिला को चुनरी ओढ़ाकर दांपत्य जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं और उसे पति के साथ खुशी-खुशी घर के लिए विदा किया।
विधायक की इस पहल को लेकर क्षेत्र में सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवादों में संवाद और समझाइश के माध्यम से रिश्तों को बचाने की ऐसी पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है।




