
हिन्द संवाद न्यूज़
नई दिल्ली। छात्रों के आंदोलन के बीच जंतर-मंतर पर राजनीतिक समर्थन भी देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धरना दे रहे छात्रों के बीच पहुंचकर उनका समर्थन किया और उनके संघर्ष में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने छात्रों से संवाद करते हुए उनकी मांगों को सुना तथा उनके आंदोलन को लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई बताया। दोनों नेताओं की मौजूदगी से प्रदर्शन कर रहे छात्रों में उत्साह देखने को मिला।
वहीं, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्र शेखर आजाद ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर वे उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
जंतर-मंतर पर जारी इस प्रदर्शन ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। विपक्षी नेताओं के समर्थन के बाद छात्रों के आंदोलन को लेकर सियासी हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। प्रदर्शनकारी छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं और सरकार से समाधान की मांग कर रहे हैं।
हिन्द संवाद न्यूज़ | सच का संवाद




