डेड बॉडी लेकर चंडीगढ़ से झारखंड जा रही एंबुलेंस डिवाइडर से टकराकर पलटी, चार गंभीर घायल

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर। चौबिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह डेड बॉडी लेकर चंडीगढ़ से झारखंड जा रही एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पलट गई। हादसे में एंबुलेंस सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 120, नगला सवी के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में एक व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद उसके परिजन शव को एंबुलेंस के माध्यम से झारखंड स्थित अपने गांव ले जा रहे थे। मृतक के भाई राजकुमार के अनुसार, एंबुलेंस आगरा की ओर से लखनऊ की तरफ जा रही थी। नगला सवी के पास पहुंचने पर चालक को अचानक नींद आ जाने के कारण एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में अनुराधा पत्नी तुषार कान्त झा निवासी बोकारो, झारखंड, प्रिया पत्नी पंकज निवासी बोकारो, झारखंड, एंबुलेंस चालक गुरनाम सिंह पुत्र जय सिंह निवासी कबूलपुर, यमुनानगर, थाना छप्पर, हरियाणा तथा जसवंत सिंह पुत्र खेतराम निवासी कबूलपुर, यमुनानगर, थाना छप्पर, हरियाणा घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही चौबिया थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सैफई पीजीआई भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।
वहीं, हादसे में क्षतिग्रस्त हुई एंबुलेंस में मौजूद मृतक के शव को दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था कराकर परिजनों के साथ झारखंड स्थित उनके गांव के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिस द्वारा हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




