E-Paperइटावायूपीलोकल न्यूज़

जसवंतनगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का वनविहार कार्यक्रम संपन्न, 500 स्वयंसेवकों ने लिया भाग

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संवाददाता : मनोज कुमार 

जसवंतनगर, इटावा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की जसवंतनगर इकाई द्वारा 19 जुलाई 2026 को श्री जोध सिंह इंटर कॉलेज, हरकुपुर (जसवंतनगर) परिसर में वनविहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 स्वयंसेवकों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र कुमार द्वारा अतिथियों एवं वरिष्ठ स्वयंसेवकों का पटका पहनाकर स्वागत करने के साथ हुआ। स्वागत किए गए प्रमुख अतिथियों में संस्था के प्रबंधक श्री संतकुमार राजपूत, संरक्षक रज्जन बाबू चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष श्री रामनरेश शर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य श्री राजेश बाबू त्रिपाठी सहित अनेक वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रबंधक श्री संतकुमार राजपूत ने की।

मुख्य अतिथि श्री राजेश बाबू त्रिपाठी ने अपने संबोधन में सामाजिक समरसता, परोपकार तथा जैविक कृषि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज निर्माण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता श्री रामनरेश शर्मा (सहविभाग संघचालक, इटावा) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उद्देश्यों, सामाजिक समरसता तथा पंच परिवर्तन के पांच प्रमुख विषयों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने सकारात्मक सोच, राष्ट्रभक्ति, भारत माता के गौरव, समाज के सर्वांगीण विकास तथा वनविहार कार्यक्रम के उद्देश्य को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।

कार्यक्रम का संचालन राजकुमार यादव (खंड कार्यवाह) ने किया। इस अवसर पर प्रबल प्रताप (सह खंड कार्यवाह), विक्रम (शारीरिक प्रमुख), प्रेम किशोर, रामरतन, कमलेश तोमर, सतेंद्र तोमर, गौरव धाकरे (नगर कार्यवाह), मोहित जी, राजनारायण (नगर संघचालक), सोम चतुर्वेदी, प्रदीप पांडे, राकेश गुप्ता, वैभव भदौरिया (जिला प्रचार प्रमुख), बलवीर सिंह (सह जिला संघचालक), श्रीप्रकाश भारद्वाज, राजेश राजावत (प्रधानाचार्य) एवं अरुण दुबे (ब्राह्मण महासभा) सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की प्रबंध समिति, शिक्षक एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। अंत में संघ प्रार्थना के उपरांत सभी उपस्थित स्वयंसेवकों एवं अतिथियों ने दाल-बाटी, खीर, चटनी, सब्जी और सलाद सहित सामूहिक सहभोज में सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!