
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर। कस्बा बसरेहर से होकर गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग ग्वालियर (मध्य प्रदेश) को इटावा उत्तर प्रदेश, बरेली होते हुए हल्द्वानी, उत्तराखंड से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। इसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसरेहर कस्बे में करीब चार किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया गया है, ताकि कस्बे के अंदर यातायात का दबाव कम किया जा सके।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य वर्ष 2025 में पूर्ण हुआ था। इटावा जिला मुख्यालय से कर्री की पुलिया तक राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की अनुमानित लागत करीब 128 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
निर्माण पूरा हुए अभी दो वर्ष भी पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन बाईपास की सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने लगी है। सड़क में कटाव और गड्ढे दिखाई देने लगे हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतनी कम अवधि में सड़क की हालत खराब होने से इसकी गुणवत्ता और निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हिन्द संवाद न्यूज़ की खबर का असर
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व हिन्द संवाद न्यूज़ ने बसरेहर बाईपास के साथ-साथ कस्बा बसरेहर के अंदर से होकर गुजरने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाया था। खबर के माध्यम से सड़क पर बने गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों और राहगीरों को हो रही परेशानी को सामने लाया गया था।
हिन्द संवाद न्यूज़ की खबर के बाद अब सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर मरम्मत कार्य शुरू होता दिखाई दे रहा है। इससे स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि सड़क की स्थिति जल्द बेहतर होगी और राहगीरों को राहत मिलेगी।
हालांकि, सवाल यह भी है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क को निर्माण के इतने कम समय बाद ही मरम्मत की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की गुणवत्ता की जांच कराकर यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि मरम्मत महज खानापूर्ति न हो, बल्कि क्षतिग्रस्त हिस्सों का स्थायी समाधान किया जाए।
हिन्द संवाद न्यूज़ सड़क की स्थिति और मरम्मत कार्य की प्रगति पर आगे भी नजर बनाए रखेगा, ताकि जनहित से जुड़े इस मुद्दे की वास्तविक स्थिति सामने आती रहे।




