इटावाटॉप न्यूज़यूपीशिक्षा

चौo सुघर सिंह इंटर कॉलेज में 48 मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

जसवंतनगर (इटावा)। चौधरी सुघर सिंह इंटर कॉलेज, जसवंतनगर में आयोजित “मेधा सम्मान समारोह-2026” के अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2024-25 एवं 2025-26 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 48 विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई, जिनमें 40 छात्राएं एवं 8 छात्र शामिल रहे।

चौधरी सुघर सिंह इंटर कॉलेज, चौधरी सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का एक अग्रणी शिक्षण संस्थान है, जिसने ग्रामीण क्षेत्र में रहते हुए भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित किया है। आधुनिक शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को अपना ध्येय मानने वाला यह संस्थान लगातार ऐसे प्रयास कर रहा है, जो ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में सहायक बन रहे हैं। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करना संस्थान की परंपरा का हिस्सा बन चुका है। ‘मेधा सम्मान समारोह-2026’ उसी परंपरा का एक प्रेरणादायी उदाहरण रहा, जिसमें प्रतिभा को सम्मान, मेहनत को पहचान और भविष्य को नई उड़ान देने का संदेश दिया गया। यही कारण है कि संस्थान आज शिक्षा के क्षेत्र में सफलता, संस्कार और सम्मान का पर्याय बनता जा रहा है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार दोनों शैक्षणिक सत्रों से 24-24 विद्यार्थियों का चयन उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर किया गया। समारोह में चयनित सभी विद्यार्थियों को साइकिल के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक श्री अतुल कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, लगन और निरंतर परिश्रम के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया तथा कहा कि ऐसे सम्मान विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा करते हैं।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। निदेशक डॉ. संदीप पाण्डेय ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

प्रधानाचार्य रविंद्र पाल ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं अनुशासन अधिकारी मनीष चौधरी, गौरव भदौरिया, दुर्गेश अग्रवाल समेत समस्त शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह का समापन मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान, उत्साहवर्धन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, गौरव और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!