अकबरपुर में देर रात सनसनी: गृहकलह से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान
बसरेहर अकबरपुर

थाना बसरेहर क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम अकबरपुर निवासी रामू दुबे (35 वर्ष) ने देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद एवं गृहकलह के चलते मानसिक तनाव में चल रहे थे। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर में ही मौजूद थे। जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना बसरेहर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर जांच प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार रामू दुबे का व्यवहार सामान्य एवं मिलनसार था, इसलिए उनकी अचानक मौत की खबर से गांव के लोग स्तब्ध हैं। देर रात हुई इस घटना ने पूरे अकबरपुर गांव को गमगीन कर दिया है और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
हिन्द संवाद न्यूज़ — ‘सच का संवाद’
Editor in Chief: ऋषिपाल सिंह




