इटावाटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़शिक्षा

ताखा के शिक्षक वीरेंद्र सिंह को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार

उत्कृष्ट कार्यों के लिए ताखा के शिक्षक वीरेंद्र सिंह का चयन, शिक्षा जगत में खुशी की लहर

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद

इटावा/ताखा। जनपद इटावा के लिए गौरव की खबर सामने आई है। ताखा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक वीरेंद्र सिंह को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा जगत में खुशी की लहर है।

शिक्षक देवेश कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ बालिका शिक्षा, दिव्यांग बच्चों और खेल गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने विद्यालय न जाने वाली बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए तथा ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को जुड़ो-कराटे जैसे खेलों का प्रशिक्षण देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वीरेंद्र सिंह ने अपने विद्यालय के साथ-साथ अन्य विद्यालयों के दिव्यांग बच्चों को न्याय पंचायत, ब्लॉक, तहसील एवं जनपद स्तर की खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराने के लिए भी सहयोग किया। उनके प्रयासों से विद्यालय के भौतिक एवं शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने के साथ विद्यालय प्रबंधन समिति को सक्रिय रखने और जनसमुदाय का सहयोग लेने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने डिजिटल माध्यमों, शैक्षिक ऐप और गतिविधि आधारित शिक्षण के जरिए पढ़ाई को बच्चों के लिए रुचिकर बनाने का प्रयास किया। विज्ञान एवं गणित विषयों में किट आधारित प्रयोगात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने में भी उनकी भूमिका रही।

राज्य शिक्षक पुरस्कार के संबंध में जारी शासनादेश में राष्ट्रीय/राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को विभिन्न प्रोत्साहन एवं सुविधाएं दिए जाने का उल्लेख है, जिनमें अधिवर्षता आयु में दो वर्ष की सेवा विस्तार का लाभ, अतिरिक्त प्रोत्साहन के रूप में वेतन वृद्धि के बराबर व्यक्तिगत वेतन स्वीकृत किए जाने तथा परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा शामिल है।

वीरेंद्र सिंह की इस उपलब्धि पर शिक्षक देवेश कुमार ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल वीरेंद्र सिंह की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि इटावा के पूरे शिक्षा जगत के लिए गर्व का विषय है।

हिन्द संवाद न्यूज़ ‘सच का संवाद’ की ओर से शिक्षक वीरेंद्र सिंह को राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!