इटावा: बसरेहर के टिकूपुरा में इलेक्ट्रॉनिक कांटे से भूसा तौलने में गड़बड़ी का खुलासा, रिमोट से नियंत्रित करते थे काँटा
12.25 कुंतल भूसा खरीदने के बाद प्रदीप कुमार को हुआ शक, ग्रामीणों की जांच में सामने आई गड़बड़ी; भूसे की भरपाई और दोबारा गलती न करने के वादे पर मामला शांत

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर (इटावा)। जनपद इटावा के थाना बसरेहर क्षेत्र के ग्राम टिकूपुरा में भूसा बेचने वाले कुछ लोगों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल में गड़बड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित लोगों के इलेक्ट्रॉनिक कांटे में चिप लगी हुई थी, जिसे रिमोट से नियंत्रित किया जाता था। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर जांच कर तौल में गड़बड़ी पकड़े जाने का दावा किया है।
ग्राम टिकूपुरा निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि वह अपने पशुओं के लिए गांव में भूसा बेचने आने वाले लोगों से भूसा खरीदते हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने संबंधित लोगों से 12.25 कुंतल भूसा खरीदा था। भूसा घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने उसकी मात्रा का आकलन किया तो उन्हें भूसा अपेक्षा से काफी कम लगा। इसके बाद उन्हें तौल में गड़बड़ी होने का संदेह हुआ।
दोबारा भूसा खरीदकर ग्रामीणों ने की जांच
प्रदीप कुमार के मुताबिक, संदेह होने पर उन्होंने कुछ दिन बाद उन्हीं लोगों को दोबारा भूसा बेचने के लिए बुलाया। इस बार भूसा खरीदने के बाद दूसरी तराजू पर तौल कराई गई, जिसमें वजन कम निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने संबंधित लोगों के इलेक्ट्रॉनिक कांटे की जांच की। 
ग्रामीणों का कहना है कि जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक कांटे में गड़बड़ी सामने आई। आरोप है कि कांटे में लगी चिप को रिमोट के माध्यम से नियंत्रित कर वास्तविक वजन से अधिक वजन प्रदर्शित किया जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, एक कुंतल भूसा तौलने पर कांटा लगभग एक कुंतल 40 किलोग्राम वजन दिखा रहा था।
लगभग 7.76 कुंतल भूसा मिलने का दावा
प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने 12.25 कुंतल भूसे की खरीद की थी, लेकिन उनके आकलन के अनुसार उन्हें 7.76 कुंतल के आसपास ही भूसा प्राप्त हुआ था। तौल में कथित गड़बड़ी सामने आने के बाद ग्रामीणों ने संबंधित लोगों से जवाब मांगा।
भूसे की भरपाई के बाद ग्रामीणों ने नहीं की कार्रवाई
ग्रामीणों के मुताबिक, मामला सामने आने पर संबंधित लोगों ने कम मिले भूसे की भरपाई कर दी। साथ ही भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा नहीं करने का वचन भी दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी ओर से की गई भरपाई और दिए गए आश्वासन को देखते हुए कोई कार्रवाई नहीं की।
इस घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में इलेक्ट्रॉनिक कांटों से होने वाली तौल की विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में ग्रामीणों के दावों के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे और रिमोट की तकनीकी जांच तथा ऐसे विक्रेताओं के कांटों की जांच होना अति आवश्यक हैं।
हिन्द संवाद न्यूज़ — सच का संवाद




