बसरेहर के अकबरपुर गांव में अवैध मिट्टी खनन का आरोप, रात 9 बजे के बाद दौड़ रहे डंपर
लोहिया नहर पुल पर मिट्टी डालने के लिए सुबह 7 से शाम 7 बजे तक निर्धारित है समय; इसके बावजूद रात में डंपरों से मिट्टी खनन और ढुलाई का आरोप, कार्रवाई पर उठे सवाल

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। इटावा जनपद के बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि गांव में रात के समय डंपरों के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा है। खास बात यह है कि रात करीब 9 बजे के बाद भी डंपरों की आवाजाही जारी रहने की बात सामने आ रही है।
इस संबंध में हाईवे निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि लोहिया नहर पुल पर हाईवे निर्माण के लिए मिट्टी डाली जा रही है। इसके लिए सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। ऐसे में निर्धारित समय के बाद रात में डंपरों से मिट्टी की ढुलाई किए जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी रात 9 बजे से डंपरों के जरिए मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में अवैध खनन की आशंका गहराती जा रही है।
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि मिट्टी खनन और परिवहन निर्धारित समय के बाद हो रहा है तो संबंधित विभागों की निगरानी कहां है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है?
फिलहाल अकबरपुर गांव में कथित अवैध मिट्टी खनन को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और खनन विभाग मामले का संज्ञान लेकर जांच कराते हैं या फिर रात के अंधेरे में डंपरों की आवाजाही इसी तरह जारी रहती है।




