
संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर/इटावा। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सृजन अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण ओझा ने कैस्त स्थित धर्मशाला में कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में मुख्य रूप से इटावा कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण ओझा ने जिलाध्यक्ष पद के लिए सामने आए करीब आधा दर्जन दावेदारों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की तथा उनकी राय और सुझाव लिए। इस दौरान दावेदारों की संगठन में सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच पकड़, जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने की क्षमता जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

रामकृष्ण ओझा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन होता है। मजबूत संगठन के माध्यम से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को बूथ एवं गांव स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत, सक्रिय और व्यवस्थित बनाना है। पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान के साथ जोड़ने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने तथा प्रत्येक स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को गति देने की आवश्यकता है।
आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा पर साधा निशाना
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में रामकृष्ण ओझा ने आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में वंचित वर्गों को उनके अधिकारों और आरक्षण के लाभ से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वंचित, पिछड़े, दलित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी।
उन्होंने सामाजिक न्याय और समान अवसर को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को उसका अधिकार मिलना चाहिए।
राहुल गांधी के बयानों को लेकर भी बोले
राहुल गांधी के बयानों को लेकर रामकृष्ण ओझा ने कहा कि कई बार उनके वक्तव्यों को संदर्भ से अलग करके या तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जाता है, जिससे उनके वास्तविक संदेश का अर्थ बदल जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी नेताओं के बयानों और कांग्रेस की नीतियों को सही संदर्भ में जनता तक पहुंचाने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक जानकारियों से सावधान रहने की अपील की।

जिलाध्यक्ष चयन को लेकर बढ़ी हलचल
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर सुझाव दिए। जिलाध्यक्ष पद के लिए नेताओं से राय लिए जाने के बाद संगठन में नए जिलाध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्राप्त सुझावों और संगठनात्मक मंथन के आधार पर पार्टी नेतृत्व द्वारा आगामी दिनों में अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है।
ये कांग्रेसजन रहे मौजूद
बैठक में वरिष्ठ नेता प्रकाश प्रधान, जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव, ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अरुण यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आलोक यादव, जिला प्रवक्ता प्रेरणा जुबेरी, वाचस्पति द्विवेदी, शहर अध्यक्ष इटावा राशिद खान, मो. जुबैर, राहुल दीक्षित, तुलसीदास शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष सिद्धनाथ यादव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बृज किशोर शाक्य, लालमन बाथम, राजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




