जसवंतनगर के मदनपुरा में वृद्ध पिता के साथ मारपीट, पुत्र प्रशांत उर्फ बल्लू पर मुकदमा दर्ज
गाली-गलौज का विरोध करने पर मारपीट का आरोप, दूसरे पुत्र के पहुंचने पर जान से मारने की धमकी देकर भागा आरोपी

संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर (इटावा)। थाना जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम मदनपुरा में गाली-गलौज करने से मना करने पर एक पुत्र द्वारा अपने वृद्ध पिता के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में पिता के हाथ में चोटें आई हैं। पीड़ित की तहरीर पर जसवंतनगर पुलिस ने आरोपी पुत्र प्रशांत उर्फ बल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मदनपुरा निवासी प्रधान पति रामपूत पुत्र रामसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 नवंबर की शाम करीब पांच बजे उनका पुत्र प्रशांत उर्फ बल्लू घर पर गाली-गलौज कर रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके हाथ में चोटें आईं।
पीड़ित के शोर मचाने पर उनका दूसरा पुत्र अजय मौके पर पहुंच गया। उसे आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना जसवंतनगर पुलिस ने आरोपी प्रशांत उर्फ बल्लू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




