इटावा-कानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: डंपर से टकराई बुलेट, भाई-बहन की मौत, दो वर्षीय मासूम घायल

संवाददाता : मनोज कुमार
इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र में इटावा-कानपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा टिलीटिला गांव के पास हुआ, जहां बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम बहेड़ा निवासी आनंद बाबू तिवारी के 25 वर्षीय पुत्र शुभ तिवारी अपनी बड़ी बहन आशी (28) और दो वर्षीय भांजी राधिका को बुलेट से लेकर औरैया जनपद के अजीतमल क्षेत्र स्थित ग्राम भूलपुर मुहारी जा रहे थे। वहां उनकी बुआ के घर शादी के सिलसिले में तेल कार्यक्रम था।
बताया गया कि हाईवे पर किसी वाहन के अचानक कट मारने से बुलेट अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान आगे चल रहे डंपर के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से बुलेट पीछे से डंपर में जा भिड़ी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एनएचएआई की एंबुलेंस तीनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने शुभ तिवारी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आशी और उनकी बेटी राधिका को सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया। हालांकि, सैफई ले जाते समय आशी ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं मासूम राधिका की हालत गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
भाई-बहन की मौत की खबर जैसे ही बहेड़ा गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।



