एडवांस्ड लीडरशिप कैंप का भव्य समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स मेडल पहनाकर सम्मानित
दिल्ली और उत्तर प्रदेश निदेशालय के कैडेट्स ने लिया प्रशिक्षण; नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और एसएसबी चयन प्रक्रिया की दी गई जानकारी

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
इटावा। 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के तत्वावधान में एमनीव विज़न स्कूल में आयोजित एडवांस्ड लीडरशिप कैंप का सफलतापूर्वक समापन हो गया। कैंप का मुख्य उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स को भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और चयन प्रक्रिया से परिचित कराना रहा। इस दौरान कैडेट्स को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और एसएसबी चयन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
समापन समारोह में कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने दिल्ली निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश निदेशालय से आए कैडेट्स के साथ संवाद किया। अपने संबोधन में उन्होंने कैडेट्स के उत्साह, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी केवल प्रशिक्षण प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार नागरिक और कुशल नेतृत्वकर्ता बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कैडेट्स को कैंप के दौरान प्राप्त अनुभवों और सीख को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि अनुशासन, दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम सफलता के प्रमुख आधार हैं। जीवन में आने वाली चुनौतियों और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

समारोह के दौरान कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, कैंप में प्रतिभाग करने वाले सभी कैडेट्स को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कैंप के सफल आयोजन पर कैंप कमांडेंट ने एनसीसी निदेशालय के सैन्य अधिकारियों एवं अनुभवी प्रशिक्षकों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही मेडिकल टीम, पुलिस विभाग, एएनओ, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ और एमनीव विज़न स्कूल प्रबंधन के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी के आपसी समन्वय और सहयोग से कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन अतिवीर सिंह यादव ने कैंप कमांडेंट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “यह कैंप हमारे स्कूल के लिए एकता और अनुशासन की अद्भुत मिसाल है।” वहीं, वाइस चेयरमैन डॉ. विकास यादव ने कहा कि ऐसे कैंप का आयोजन स्कूल के लिए गौरव का विषय है और यह पल सदैव यादगार रहेगा।

कैंप के समापन की पूर्व संध्या पर एनसीसी कैडेट्स ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें सभी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कैंप के वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया।
समापन के बाद दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश निदेशालय से आए कैडेट्स अपने-अपने पीआई स्टाफ और एएनओ के साथ गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इस प्रकार एमनीव विज़न स्कूल में आयोजित एडवांस्ड लीडरशिप कैंप कैडेट्स के लिए नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने के साथ-साथ भविष्य के लक्ष्यों की दिशा में महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




