रोडवेज बस ने बाइक सवार भाई-बहन को मारी टक्कर, भाई की मौत, बहन गंभीर घायल
मौत का सौदागर बना बसरेहर बाईपास, पहले भी हो चुके है कई हादसे

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। बसरेहर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले बरेली हाईवे मार्ग पर बसरेहर बाईपास के पास सोमवार को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार पुत्र तुलाराम निवासी नगला चंदेल, थाना भरथना, जनपद इटावा अपनी बहन माया देवी पत्नी यादराम निवासी अड्डा बिहारी, थाना बसरेहर को उसके गांव अड्डा बिहारी छोड़ने जा रहे थे। बताया गया कि अड्डा बिहारी से करीब दो किलोमीटर पहले बसरेहर बाईपास के पास फर्रुखाबाद की ओर से इटावा की तरफ जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहन माया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना बसरेहर पुलिस को दी।
पुलिस ने घायल माया देवी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसरेहर भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल इटावा के लिए रेफर कर दिया गया।
वहीं पुलिस ने मृतक अशोक कुमार के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल इटावा भेज दिया। हादसे की जानकारी अड्डा बिहारी गांव में पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस द्वारा हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




