Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़
E-Paperइटावाक्राइमयूपीलोकल न्यूज़

संदिग्ध मौत से दहेज हत्या तक: पति और ससुर गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी

थाना क्षेत्र बसरेहर के ग्राम पत्तापुरा का मामला

(इटावा)। थाना बसरेहर क्षेत्र के पत्तापुरा गांव में विवाहिता नंदनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए नामजद पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, पतायपुर गांव निवासी 20 वर्षीय नंदनी, पत्नी अमित यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजनों द्वारा उपचार के लिए सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय ले जाया गया था। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।

मृतका के भाई आनंद ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही नंदनी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि बहन अक्सर फोन पर अपनी परेशानियों के बारे में जानकारी देती थी। परिवार का आरोप है कि पति और अन्य ससुरालीजन उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और आए दिन विवाद करते रहते थे।

परिजनों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले नंदनी ने फोन कर बताया था कि उससे सिलाई मशीन और कार की मांग की जा रही है तथा इस बात को लेकर उस पर दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि घटना वाले दिन अपने भाई से बातचीत करने पर पति नाराज हो गया और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। इसके बाद रात में सूचना मिली कि नंदनी ने जहर खा लिया है और उसकी हालत गंभीर है।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसे जहर देकर मार दिया गया। मामले की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।

मृतका के पिता संजीव कुमार निवासी राजा का ताल, जनपद फिरोजाबाद की तहरीर पर पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानियों समेत कुल नौ ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 5 मार्च 2025 को हुए विवाह में लाखों रुपये नकद और घरेलू सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर नंदनी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

स्वजनों का कहना है कि एक जून को नंदनी ने अपने भाई को फोन कर जान का खतरा होने की बात कही थी, जबकि अगले ही दिन उसकी मौत की सूचना मिल गई।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर नामजद पति अमित यादव और ससुर दिनेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!