इटावाधर्मलोकल न्यूज़

भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक पर श्री पार्श्वनाथ मंदिर में चढ़ाया गया निर्वाण लाडू

मुनिश्री भावसागर महाराज ने भगवान महावीर के निर्वाण प्रसंग एवं अहिंसा के संदेश पर डाला प्रकाश

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संवाददाता : मनोज कुमार

जसवंतनगर। कार्तिक कृष्ण अमावस्या के पावन अवसर पर अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में नगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ निर्वाण लाडू अर्पित किया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजन कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान महावीर स्वामी के अभिषेक, शांतिधारा एवं विशेष पूजन के साथ हुआ। जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने धर्म आराधना कर पुण्य लाभ अर्जित किया। निर्वाण लाडू अर्पित करने का सौभाग्य कुमदेश जैन, विशाल जैन एवं नितिन जैन परिवार को प्राप्त हुआ। इस दौरान उन्होंने शांतिधारा कर धर्म लाभ लिया।

इसके बाद श्रद्धालुओं ने पूज्य मुनिश्री 108 भावसागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री ने भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भगवान महावीर ने पावापुरी के पद्म सरोवर क्षेत्र में योग निरोध के माध्यम से निर्वाण प्राप्त किया था। उन्होंने समस्त सांसारिक बंधनों का त्याग कर आत्मकल्याण एवं मोक्ष का मार्ग प्रशस्त किया।

मुनिश्री ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन त्याग, तपस्या, अहिंसा, संयम और आत्मशुद्धि की प्रेरणा देता है। निर्वाण से पूर्व उन्होंने एकांत में कठोर तप एवं साधना की और अंततः समस्त कर्मों से मुक्त होकर मोक्ष प्राप्त किया। उनके उपदेश आज भी मानव समाज को अहिंसा, संयम और आत्मकल्याण का मार्ग दिखाते हैं।

इस अवसर पर पूज्य मुनिश्री 108 भावसागर महाराज ने रविवार को चतुर्दशी का व्रत एवं केशलोंच किया। सोमवार को उनका पारणा महेश चंद जैन के आवास पर संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान महावीर के सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!