इटावायूपीलोकल न्यूज़

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, डीसीएम से टकराई अर्टिगा कार; चालक की मौके पर ही हुई मौत ।

पांच लोगों को सैफई पीजीआई में इलाज के लिए भेजा गया जहां पर दो लोगों को डाक्टरों ने किया मृत घोषित

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद

बसरेहर संवाददाता। चौबिया थाना क्षेत्र से निकलने वाले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 118 नगला सबी के पास आगे चल रही डीसीएम से भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा से लखनऊ की ओर जा रही अर्टिगा कार आगे चल रही डीसीएम में जा टकराई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार चालक को रास्ते में अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार आगे चल रही डीसीएम से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना की सूचना पर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन की मदद से गाड़ी को काटना पड़ा। इस दौरान थाना चौबिया के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक सैफई ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति संभाली।

पुलिस व यूपीड़ा की टीम और 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के अस्पताल भिजवाया।

हादसे में मृत चालक की पहचान गोविंद उम्र लगभग 30 वर्ष पुत्र परशुराम के रूप में हुई है। वहीं घायलों में विकास उम्र लगभग 24 वर्ष पुत्र दीनदयाल, मोहित उम्र लगभग 25 वर्ष, हरिओम उम्र लगभग 32 वर्ष, पुत्रगण परशुराम तथा हिमांशु उम्र लगभग 8 वर्ष और रोहिताश उम्र लगभग 10 वर्ष पुत्रगण नीरज, निवासी बोदला, आगरा शामिल हैं। वहीं चौबिया थाना प्रभारी ने बताया है कि सैफई पीजीआई में इलाज के दौरान विकास पुत्र दीनदयाल , व मोहित पुत्र परशुराम की इलाज के दौरान मौत हो गई है । सभी लोग आगरा से औरैया जा रहे थे ।

पुलिस द्वारा हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!