
संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर, इटावा। थाना क्षेत्र के ग्राम कैस्त निवासी एनीमिया से पीड़ित बालिका शिखा के उपचार हेतु रक्त की आवश्यकता की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने पर जसवंतनगर पुलिस ने संवेदनशीलता एवं मानवता का परिचय देते हुए तत्परता से सहायता प्रदान की।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बालिका के पिता सज्जन कुमार से संपर्क स्थापित किया तथा आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। इसके उपरांत थाना प्रभारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, कांस्टेबल अवनीश कुमार एवं महिला आरक्षी विनीता शिवहरे तथा संगम कुमारी सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां पुलिस टीम द्वारा बालिका के उपचार हेतु कुल चार यूनिट रक्तदान किया गया।
पुलिस टीम के इस सहयोगात्मक एवं मानवीय प्रयास से बालिका के परिजनों को बड़ी राहत मिली। साथ ही भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत की गई इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है। बालिका के परिजनों ने संकट की घड़ी में मिली सहायता के लिए जसवंतनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद बेटियों और महिलाओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने आमजन से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है, यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है।”हेडलाइन:
सोशल मीडिया की अपील पर आगे आई जसवंतनगर पुलिस, एनीमिया पीड़ित बालिका के लिए किया चार यूनिट रक्तदान




