घर में अचानक लगी आग से किसान को लाखों रुपये का नुकसान, गृहस्थी का सामान जलकर राख

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। बसरेहर थाना क्षेत्र के कस्बा बसरेहर कला में बंबा के पास स्थित एक मकान में सोमवार देर रात अचानक आग लगने से किसान की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा अनाज, नकदी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान सहित लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकिशन दिवाकर पुत्र द्वारिका प्रसाद दिवाकर निवासी कस्बा बसरेहर, थाना बसरेहर, जनपद इटावा रोजाना की तरह खाना खाने के बाद अपने घर में सोने चले गए थे। रात करीब 11:30 बजे अचानक घर के अंदर से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर में फैल गई।
आग लगने का पता चलते ही रामकिशन ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी विकराल हो चुकी थी। आग के कारण घर में रखा करीब 13 कुंतल भूसा, 35 क्रेट, एक साइकिल, एक चार पहिया हाथ ठेला, ढाई कुंतल गेहूं, 13 हजार रुपये नकद, रजाई-गद्दे सहित गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
घटना के बाद पीड़ित किसान ने बसरेहर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।






