बाल दिवस पर बच्चों को अधिकारों और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की दी जानकारी

संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर/इटावा। बाल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा के तत्वावधान में ज्ञान ज्योति विद्या मंदिर, धनुआ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रजत सिंह जैन तथा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी के निर्देशानुसार किया गया।

कार्यक्रम में अधिकार मित्र राजेंद्र सिंह एवं लालमन ने छात्र-छात्राओं को बच्चों के मौलिक अधिकारों, उनके संरक्षण तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन सहित विभिन्न सहायता हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया और जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए जागरूक किया।
इस दौरान 28 नवंबर को मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान संबंधी कानूनी प्रावधानों तथा 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज, धनुआ एवं राजकीय इंटर कॉलेज, धरबार में संविधान की उद्देशिका के संबंध में जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं अन्य विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति रही।






