बसरेहर बाईपास पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक चालक गंभीर घायल; कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर (इटावा)। इटावा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसरेहर बाईपास स्थित राहिन तिराहे के पास शुक्रवार शाम करीब 7 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे चालक को भी सामान्य चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद एक चालक ट्रक के केबिन में फंस गया, जिसे पुलिस, राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के नरवर से धान लादकर बरेली के रिछा जा रहा ट्रक जैसे ही बसरेहर बाईपास पर राहिन तिराहे के पास पहुंचा, तभी फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे एक कंटेनर से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। धान लदे ट्रक को दिनेश परिहार पुत्र मनीराम सिंह परिहार (30 वर्ष), निवासी ग्राम सुपाट, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) चला रहे थे। वहीं, दुर्घटना के दौरान ट्रक में फंसे चालक की पहचान अवधेश कुमार पुत्र रघुवीर, निवासी पथईया, थाना कुदरकोट, जनपद औरैया के रूप में हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना बसरेहर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकलवाया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया था।

थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। क्षतिग्रस्त दोनों ट्रकों के आपस में फंस जाने के कारण उन्हें हटाने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद दो जेसीबी मशीनें मंगवाकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों ट्रकों को अलग कर सड़क के एक किनारे कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
गौरतलब है कि धनतेरस का पर्व होने के कारण शाम के समय सड़क पर वाहनों का दबाव काफी अधिक था। ऐसे में थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




