
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 05/2026 के अंतर्गत सहायक अध्यापक भर्ती के लिए महत्वपूर्ण विज्ञप्ति जारी की है। आयोग ने उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में NIOS के माध्यम से D.El.Ed-ODL उत्तीर्ण ऐसे शिक्षकों को अंतरिम रूप से आवेदन करने का अवसर प्रदान किया है, जो निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं।
आयोग द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यह अवसर बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक (शहरी) तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में सम्बद्ध प्राइमरी के सहायक अध्यापक पदों के अभ्यर्थियों के लिए है।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि उच्च न्यायालय में योजित रिट याचिका संख्या 11920/2026, अभिषेक पाठक व 44 अन्य बनाम यूनियन ऑफ इंडिया, मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन व अन्य मामले में 5 नवंबर 2026 को पारित आदेश के क्रम में यह निर्णय लिया गया है।
इसके तहत ऐसे शिक्षक, जो 10 अगस्त 2017 को सेवा में थे तथा 1 अप्रैल 2019 से पूर्व NIOS के माध्यम से 18 माह का D.El.Ed-ODL प्रशिक्षण उत्तीर्ण कर चुके हैं, वे निर्धारित समयसीमा में अपना ऑनलाइन आवेदन सबमिट कर सकते हैं।
आयोग द्वारा जारी महत्वपूर्ण तिथियां
– ऑनलाइन आवेदन पोर्टल पुनः खोलने की तिथि: 6 नवंबर 2026
– ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने एवं आवेदन करने की अंतिम तिथि: 11 नवंबर 2026
– ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि: 13 नवंबर 2026
– परीक्षा की तिथि: 3 एवं 4 दिसंबर 2026
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता उच्च न्यायालय द्वारा संबंधित रिट याचिका में पारित अंतिम आदेशों के अधीन रहेगी।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना: पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समयसीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन एवं शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन में आवश्यक संशोधन भी 13 नवंबर तक किए जा सकेंगे।




