छुट्टी के दिन भी किसानों की सेवा में जुटे रहे सहकारी संघ प्रभारी कमलेश कुमार, व्यवस्थित तरीके से कराया डीएपी खाद का वितरण

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। बसरेहर क्षेत्र में समितियों की हड़ताल के चलते किसानों को डीएपी खाद प्राप्त करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में किसानों की समस्या को देखते हुए कस्बा बसरेहर स्थित सहकारी संघ पर राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
रविवार का अवकाश होने के बावजूद अधिकारियों के निर्देश पर सहकारी संघ प्रभारी कमलेश कुमार अपने समस्त स्टाफ के साथ खाद वितरण की व्यवस्था में जुटे रहे। उन्होंने किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सहकारी संघ पर डीएपी खाद का वितरण सुचारु रूप से जारी रखा।
इस दौरान किसानों को क्रमबद्ध तरीके से शांतिपूर्ण माहौल में डीएपी खाद वितरित की गई। प्रभारी कमलेश कुमार ने स्वयं व्यवस्था की निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित किया कि किसानों को बिना किसी अव्यवस्था के खाद उपलब्ध हो सके।
खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में डीएपी खाद की आवश्यकता को देखते हुए रविवार के अवकाश में भी वितरण जारी रखना किसानों के लिए राहत भरा कदम साबित हुआ। किसानों ने भी व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से खाद वितरण होने पर संतोष जताया और सहकारी संघ के प्रभारी एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।




