भूजल सप्ताह अभियान के तहत जल संरक्षण का लिया संकल्प, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर, इटावा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग माय भारत, इटावा के तत्वावधान में भूजल सप्ताह के अंतर्गत विकासखंड क्षेत्र के जोधा सिंह इंटर कॉलेज, हरकूपुर में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण, जागरूकता संगोष्ठी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल बार एसोसिएशन, इटावा के महामंत्री अजय कुमार गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथि वीरपाल सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार ने की।
चित्रकला प्रतियोगिता का विषय “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं कोई विकल्प” रखा गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक चित्रों के माध्यम से जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया। प्रतियोगिता में शीतल ने प्रथम, सलोनी ने द्वितीय और संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। लगातार गिरता भूजल स्तर भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को जल की एक-एक बूंद बचाने के साथ-साथ वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को जल संरक्षण तथा वर्षा जल संचयन की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन माय भारत स्वयंसेवक नीरज ने किया, जबकि ऋषभ पाठक ने उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं स्टाफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने माय भारत, इटावा की इस जागरूकता पहल की सराहना करते हुए जल संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




