इटावाटॉप न्यूज़नौकरीयूपीलोकल न्यूज़शिक्षा

एडवांस्ड लीडरशिप कैंप में एनसीसी कैडेट्स को मिल रहा सेना में अधिकारी बनने का प्रशिक्षण

एसएसबी परीक्षा की तैयारी, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास पर दिया जा रहा विशेष जोर, यूपी और दिल्ली निदेशालय के करीब 300 कैडेट्स कर रहे प्रतिभाग

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद

इटावा। 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के तत्वावधान में स्थानीय एमनीव विज़न स्कूल में आयोजित एडवांस्ड लीडरशिप कैंप में उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली निदेशालय के लगभग 300 एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की योग्यता और व्यक्तित्व विकास के साथ भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में नेतृत्व कौशल और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही कैडेट्स को सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे भारतीय सेना में अधिकारी बनने की चयन प्रक्रिया और आवश्यक योग्यताओं से भली-भांति परिचित हो सकें।

शिविर में उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज एवं वाराणसी सहित दिल्ली निदेशालय के कैडेट्स शामिल हैं। विभिन्न प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थानों से आए अनुभवी प्रशिक्षक और वरिष्ठ सैन्य अधिकारी कैडेट्स को मार्गदर्शन दे रहे हैं।

सेंचुरियन अकादमी, लखनऊ से आए आदित्य दुबे एवं उनकी टीम ने कैडेट्स को एसएसबी की तैयारी, व्यक्तित्व विकास और चयन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। वहीं एनसीसी निदेशालय, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी कर्नल मनु तिवारी (सेना मेडल), कर्नल निशांत बरियार एवं लेफ्टिनेंट कर्नल अंकित प्रकाश ने भी कैडेट्स को प्रशिक्षण प्रदान किया। अधिकारियों ने भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त करने के अवसरों, एसएसबी चयन प्रक्रिया के चरणों, शारीरिक एवं मानसिक क्षमताओं, नेतृत्व कौशल और सामरिक दृष्टिकोण के बारे में विस्तार से बताया।

इसके अतिरिक्त द फ्लाइंग एज अकादमी, इंदौर से आए अंकित पाल सिंह कैडेट्स को एसएसबी की व्यावहारिक तैयारी और व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने चयन प्रक्रिया में सफलता के लिए आवश्यक गुणों और तैयारी के तरीकों से कैडेट्स को अवगत कराया।

आगरा से पहुंचे ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) विनोद दत्ता भी अपने दीर्घ सैन्य अनुभव के आधार पर कैडेट्स का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सैन्य जीवन के अनुभवों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने और लक्ष्य के प्रति समर्पण के महत्व को समझाया।

प्रशिक्षण सत्रों में कैडेट्स को बताया जा रहा है कि सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ टीम भावना, प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी निभाने की क्षमता, मानसिक दृढ़ता और राष्ट्र के प्रति समर्पण जैसे गुण भी आवश्यक हैं।

यह एडवांस्ड लीडरशिप कैंप कैडेट्स को विभिन्न निदेशालयों के प्रतिभागियों के साथ अनुभव साझा करने और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। शिविर के माध्यम से युवाओं को सैन्य सेवाओं में करियर बनाने, राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने और भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!