बसरेहर के सरैया ताड़ में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में पसरा मातम
चार मासूमों का पिता था लालजीत

ब्रेकिंग न्यूज़ | हिन्द संवाद न्यूज़ ‘सच का संवाद’
बसरेहर (इटावा)। थाना बसरेहर क्षेत्र के ग्राम सराय मलपुरा (सरैया ताड़) में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी लालजीत दिवाकर (25 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार दिवाकर ने घर में अंगोछे के सहारे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, लालजीत शुक्रवार को खेत में धान की रोपाई कर घर लौटा था। बताया गया कि घर आने के बाद उसने मदिरा का सेवन किया। घटना के समय उसकी पत्नी और अन्य परिजन घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान उसने घर के अंदर अंगोछे के सहारे पंखे से फांसी लगा ली।
रोते बिलखते परिजन
कुछ समय बाद जब परिजन घर पहुंचे तो लालजीत का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय इटावा भेज दिया।
मृतक अपने पिता सुरेश कुमार दिवाकर के चार पुत्रों में सबसे बड़ा था। वह अपने पीछे पत्नी सृष्टि तथा चार छोटे-छोटे बच्चों—सत्यम (7 वर्ष), खुशी (6 वर्ष), प्रांसी (4 वर्ष) और अनमोल (2 वर्ष)—को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मौके पर बैठे ग्रामीण
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को शौंप दिया गया तथा समय रहते परिजनों को लालजीत का अंतिम संस्कार हिन्दू रीतिरिवाज़ के साथ निज ग्राम में कर दिया। फिलहाल ग्राम में हुए इस घटना क्रम क़ी चर्चा तेज है तथा पूरा ग्राम ग़मगीन है अभी कुछ दिन में ग्राम में कई लोगो क़ी दुःखद मृत्यु हो चुकी है।




