इटावा में 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय बंद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश
अत्यधिक बारिश और जलभराव को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के हित में लिया गया निर्णय

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
इटावा। जिले में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के हित में 26 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी इटावा डॉ. राजेश कुमार एवं जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी इटावा द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद में हो रही अत्यधिक वर्षा तथा जलभराव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अवकाश जनपद के समस्त परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी बोर्ड (यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड एवं आईसीएसई बोर्ड) से मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा।
कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालय रहेंगे बंद
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दिनांक 26 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश रहेगा। संबंधित विद्यालयों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन से आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में विद्यार्थियों की सुरक्षा बनी रहे।




