जसवंतनगर : मारपीट व फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दो आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल, दो अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर। नगर के मोहल्ला सिद्धार्थपुरी में छह दिन पूर्व हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में जसवंतनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस दो नामजद आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि 28 अगस्त को सिद्धार्थपुरी निवासी अमनदीप पुत्र वीरेंद्र सिंह की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट और फायरिंग के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बीरू और रोहित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इसी क्रम में बुधवार को पुलिस को मुखबिर से मुख्य आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जमुना बाग ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर पप्पन उर्फ जितेंद्र कुमार पुत्र देवी दयाल, निवासी ग्राम नगला इन्छा को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार, मामले में सचिन गदरा और कन्हैया अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मारपीट और फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सक्रियता नजर आ रही है। पुलिस मामले की जांच के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।




