
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। बसरेहर विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरालोकपुर में स्थाई अंत्येष्टि स्थल नहीं होने से ग्रामीणों को मृतकों के अंतिम संस्कार में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के कांग्रेसी नेता एवं समाजसेवी पदम दुबे सहित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी इटावा से गांव में जल्द से जल्द स्थाई अंत्येष्टि स्थल बनवाए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत बरालोकपुर की आबादी करीब 5700 है। इतनी बड़ी आबादी होने के बावजूद गांव में आज तक स्थाई अंत्येष्टि स्थल की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके चलते किसी ग्रामीण की मृत्यु होने पर परिजनों और ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश करनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। कई बार लोगों को नदी के किनारे शव का अंतिम संस्कार करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। वहां टीन शेड या अन्य छायादार व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान अंतिम संस्कार करना बेहद मुश्किल हो जाता है। कई बार अंतिम संस्कार के दौरान ही बारिश शुरू हो जाने से परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
समाजसेवी पदम दुबे एवं ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक व्यवस्था के लिए ग्रामीणों को इस प्रकार की परेशानियों का सामना करना बेहद गंभीर विषय है। गांव में स्थाई अंत्येष्टि स्थल बनने से ग्रामीणों को सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी इटावा से मांग की है कि ग्राम पंचायत बरालोकपुर की आबादी और ग्रामीणों की आवश्यकता को देखते हुए स्थाई अंत्येष्टि स्थल का निर्माण जल्द कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अपने परिजन के अंतिम संस्कार के दौरान बारिश अथवा अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण परेशानी न उठानी पड़े।




