
संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर (इटावा)। आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पेट्रोल टैंकर के हेल्पर की मौत हो गई, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। हादसा अमृत पंजाबी होटल के सामने उस समय हुआ, जब दोनों सर्विस रोड पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे जिओ कंपनी का पेट्रोल टैंकर सर्विस रोड पर खड़ा था। टैंकर चालक विकास शुक्ला पुत्र राजकिशोर शुक्ला निवासी बनीपारा महाराज, थाना रूरा, जनपद कानपुर देहात तथा हेल्पर मनीष वर्मा पुत्र अशोक वर्मा निवासी सिमारा, थाना नौबस्ता, जनपद कानपुर नगर सर्विस रोड पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल मनीष वर्मा को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसवंतनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं टैंकर चालक विकास शुक्ला इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश जारी है।




