इटावाक्राइमटॉप न्यूज़यूपीलोकल न्यूज़

किशोर का अपहरण कर खेत में बेरहमी से पीटा, जान से मारने की नीयत से की फायरिंग; तीन आरोपी गिरफ्तार

जसवंतनगर में अपहरण का मामला

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

इटावा /जसवंतनगर। थाना जसवंतनगर क्षेत्र में एक किशोर के कथित अपहरण, मारपीट और फायरिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राजपुर तमेरी निवासी विनय कुमार ने थाना जसवंतनगर में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र हर्ष बुधवार दोपहर लगभग 2 बजे महलई गांव में अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर हर्षित शाक्य, कपिल जाटव, धर्मेंद्र जाटव तथा शीटू उर्फ मंडल वहां पहुंचे और हर्ष को जबरन अपने साथ ले गए।

पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपियों ने हर्ष को पास के एक खेत में ले जाकर उसके साथ लात-घूंसों और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर हर्ष वहां से भागने लगा। आरोप है कि इसी दौरान शीटू उर्फ मंडल ने उसे जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि गोली हर्ष को नहीं लगी और वह सुरक्षित बच निकला।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने घायल किशोर का चिकित्सीय परीक्षण कराया तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार को सौंपी गई है।

थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जमुना बाग के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी शीटू उर्फ मंडल अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्द संवाद न्यूज़रफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!